• Thu. Feb 5th, 2026

रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा- धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड प्रगति के पथ पर अग्रसर रहते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को करेगा हासिल

Bynewsadmin

Jun 4, 2022

चम्पावत उप चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की रिकार्ड मतों से जीत पर पार्टी नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद डा रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड प्रगति के पथ पर अग्रसर रहते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत के लिए चम्पावत क्षेत्र की जनता, पार्टी कार्यकत्र्ताओं और संगठन भी शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक जीत जनता की जीत : महाराज

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री धामी की ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह जीत चम्पावत ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता की जीत है। इससे चम्पावत समेत समूचे उत्तराखंड का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल्याणकारी नीतियों पर विश्वास व्यक्त किया है।

जनता ने धामी की लोकप्रियता पर लगाई मुहर: जोशी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने अपनी सहज नेतृत्व क्षमता और लोकप्रियता के बूते राज्य की जनता के दिलों में जो जगह बनाई है, उससे पूरे राज्य में भाजपा कार्यकत्र्ता उत्साहित हैं। उधर, चम्पावत उप चुनाव में मुख्यमंत्री की जीत की खुशी में कैबिनेट मंत्री जोशी के न्यू कैंट रोड स्थित कार्यालय में जश्न का माहौल रहा।

कांग्रेस नेताओं को राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए : रेखा

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि चम्पावत की जनता ने मुख्यमंत्री को ऐतिहासिक मतों से जीत दिलाकर मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की है। उन्होंने चम्पावत उप चुनाव में बनबसा मंडल की जिम्मेदारी सौंपने पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। साथ ही जीत के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। आर्या ने कहा कि उप चुनाव में जनता ने बता दिया कि वह भाजपा की नीतियों पर विश्वास करती है। परिणामस्वरूप चम्पावत उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी और उसकी प्रत्याशी को शर्मनाक हार हुई। उन्होंने कहा कि उप चुनाव के परिणाम के बाद अब कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *