• Tue. Nov 3rd, 2026

कोटद्वार में नवंबर के अंतिम सप्ताह में वृहद रोजगार मेला प्रस्तावित

Bynewsadmin

Nov 3, 2026

जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा, औद्योगिक संघ ने बढ़-चढ़कर सहभागिता का दिया आश्वासन

युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य

योग्यता के अनुरूप रिक्तियों का विवरण पहले से होगा उपलब्ध, व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

पौड़ी- जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और पलायन की चुनौती से निपटने के उद्देश्य से नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कोटद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। मेले के माध्यम से युवाओं aको रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए औद्योगिक इकाइयों एवं नियोजकों से समन्वय स्थापित कर रिक्तियों का विवरण समय से जुटाया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप दिया जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली औद्योगिक इकाइयों एवं नियोजकों को रोजगार के क्षेत्र और आवश्यक कौशल के आधार पर श्रेणीबद्ध किया जाए। प्रत्येक पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता, अनुभव, कौशल और कार्य की प्रकृति का विवरण पहले से तैयार कर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही नियोजकों की रिक्तियों एवं रोजगार संबंधी विवरणिका तैयार करने और पंजीकृत अभ्यर्थियों का पूरा विवरण संकलित करने को कहा। इससे युवाओं को अपनी पात्रता के अनुरूप अवसरों की जानकारी पहले से मिल सकेगी और अभ्यर्थियों तथा नियोजकों के बीच बेहतर समन्वय के साथ भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो सकेगी।

जिलाधिकारी ने आईटीआई, पॉलीटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, डिग्री कॉलेजों एवं इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, सेवायोजन कार्यालयों और विकासखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि युवाओं को उपलब्ध पदों और उनकी पात्रता की जानकारी समय से मिल सके तथा वे अपनी योग्यता के अनुरूप ही मेले में प्रतिभाग करें। युवाओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल, दूरभाष एवं अन्य माध्यमों का उपयोग करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में प्रस्तावित है। आयोजन की अंतिम तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी को संबंधित उपजिलाधिकारी के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण, प्रवेश, साक्षात्कार एवं अन्य व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि युवाओं और नियोजकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में औद्योगिक संघ के प्रतिनिधियों ने मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और औद्योगिक इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही, मेले में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही करियर काउंसलिंग, साक्षात्कार की तैयारी, स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार एवं वित्तीय सहायता योजनाओं तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित जानकारी के लिए अलग-अलग हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत (सेनि.), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग, औद्योगिक संघ एवं सिडकुल के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *